अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शामली में भव्य कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शामली में भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट महिलाओं को किया सम्मानित – बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को मिले लैपटॉप

 

शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग शामली द्वारा तहसील शामली सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के समापन को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

 

कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश स्तर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी संबोधन के सजीव प्रसारण से हुई, जिसे एमएलसी वीरेन्द्र सिंह, एमएलसी मोहित बेनीवाल, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, थानाभवन विधायक अशरफ अली, जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह सहित उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने देखा व सुना।

 

जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की प्रस्तावना डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन ने रखते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की लाभार्थी कु. अंशिका पुत्री राजीव तथा कु. रक्षिका पुत्री परमेन्द्र को प्रमाण पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। दोनों बालिकाओं ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में क्रमशः 75 प्रतिशत व 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

 

महिलाओं के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर वन स्टॉप सेंटर प्रभारी गजाला त्यागी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक अजरा खान को भी सम्मानित किया गया। पुलिस विभाग से कैराना स्थित मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी इंस्पेक्टर पिंकी गोस्वामी, महिला थाना कैराना परामर्श केन्द्र प्रभारी सब इंस्पेक्टर ललिता तथा थाना झिंझाना की आरक्षी पूजा रानी को भी महिलाओं के हित में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों में ग्राम बुच्चाखेड़ी की रानी, ग्राम रामपुर खेड़ी की मीना, ग्राम बाबरी की ऊमन सैनी, ग्राम चौसाना की कार्यकत्री तथा ग्राम बुटराडा की अमरेश को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ब्लॉक थानाभवन की ऋचा शर्मा और ब्लॉक ऊन की राखी को नवनियुक्त मुख्य सेविका के रूप में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत छह बालिकाओं को लैपटॉप भी वितरित किए गए। इनमें प्रतिभा (ग्राम लिलौन), सिमरन (ग्राम खानपुर कला), रिया (ग्राम सुन्ना), धानी गर्ग (टंकी कॉलोनी शामली), रेशमा (ग्राम लिलौन) तथा बुशरा (ग्राम कुड़ाना) शामिल हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान 27 नवंबर 2025 से 8 मार्च 2026 तक संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का समापन भी किया गया। इस अभियान के तहत जनपद में विद्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा ग्राम एवं निकाय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। अभियान के अंतर्गत कुल 1833 गतिविधियां आयोजित की गईं और 16,359 लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत की ऑनलाइन शपथ दिलाई गई।

 

इस अवसर पर ग्राम चढ़ाव की प्रतिभाशाली बेटी कु. काजल चौहान, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 403वीं रैंक प्राप्त की है, को भी जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्प गुच्छ व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी मोहित बेनीवाल ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से महिलाएं सशक्त हो रही हैं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बन रही हैं।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन, जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और मिशन शक्ति से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh