औरैया। शहर के तिलक नगर मोहल्ले में बुधवार को प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक औरैया राजकुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
प्रशासनिक टीम ने तिलक नगर क्षेत्र में संचालित कुल आठ संस्थानों का निरीक्षण किया। इनमें ज्ञानदीप लाइब्रेरी, स्मार्ट लर्न कंप्यूटर सेंटर, ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, टिब्बी क्लासेस, एडवांस्ड एजुकेशन हब, यशस्वी लाइब्रेरी तथा संकल्प एकेडमी एंड लाइब्रेरी शामिल हैं। जांच के दौरान अधिकारियों ने वैध लाइसेंस, अग्निशमन सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच में कई संस्थानों में गंभीर खामियां सामने आईं। कुछ संस्थानों के पास वैध लाइसेंस नहीं पाए गए, जबकि कई स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नहीं मिले। प्रशासन ने इन कमियों को गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, यशस्वी लाइब्रेरी और संकल्प एकेडमी एंड लाइब्रेरी को सील कर दिया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी भी दी।
उपजिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित होने वाले संस्थानों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे निरीक्षण समय-समय पर होते रहना चाहिए।
रिपोर्ट : रेनू गुप्ता, ब्यूरो चीफ, फफूंद/औरैया





