मुहर्रम को लेकर फिरोजाबाद प्रशासन अलर्ट, ASP अनुज चौधरी ने ताजियों का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। 26 जून को ताजिया सुपुर्द-ए-खाक किए जाने से पहले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज क्षेत्रों का भ्रमण कर ताजियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फीते की सहायता से ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई का मापन कराया। प्रशासन द्वारा यह प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं मार्गों पर विद्युत लाइनों तथा अन्य बाधाओं को ध्यान में रखते हुए कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने ताजिया कमेटियों और आयोजकों से संवाद कर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी धार्मिक कार्यक्रम आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में संपन्न होने चाहिए।
वहीं जिलाधिकारी संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से बातचीत कर सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
मुहर्रम को लेकर जिले भर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट : R हिंदुस्तान डेस्क

R Hindustan
Author: R Hindustan