महाशिवरात्रि को लेकर एसपी शामली ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था के दिए निर्देश
शामली | अजीत कुमार श्रीवास्तव
महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह ने रविवार को जनपद में निर्धारित कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संभावित भीड़-भाड़ वाले इलाकों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को सुचारु बनाए रखा जाए।
एसपी ने प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरों के उपयोग, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क, संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






