जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था पर हुआ मंथन
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, शामली | आर हिंदुस्तान
शामली। जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने और वहां सुधारात्मक कार्य तेजी से कराने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शामली-अंबाला एवं दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्गों पर मिट्टी ढुलाई के कारण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके अलावा नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए, ताकि रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजकुमार, एआरटीओ (यातायात) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




