फर्जी डिग्री से अल्ट्रासाउंड करने वाला ‘मुन्नाभाई’ गिरफ्तार, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

फर्जी MBBS-MD डिग्री पर अल्ट्रासाउंड करने वाला ‘मुन्नाभाई’ बेनकाब, मुकदमा दर्ज

 

कैराना। स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी MBBS व MD की डिग्री के सहारे अल्ट्रासाउंड करने वाले एक ‘मुन्नाभाई’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फर्जी चिकित्सकों में हड़कंप मच गया है।

 

जनपद के स्वास्थ्य विभाग में तैनात नोडल अधिकारी डॉ. अतुल बंसल द्वारा कैराना कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, गांव कंडेला निवासी अमित कुमार ने नवीन अल्ट्रासाउंड सेंटर के पंजीकरण हेतु विभागीय पोर्टल पर आवेदन किया था। आवेदन में उसने डॉ. अवतार सिंह मेहरा (MBBS, MD मेडिसिन, DMRD) को सेवा प्रदाता चिकित्सक दर्शाया था।

 

शैक्षिक अभिलेखों के सत्यापन के लिए मामला उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल, लखनऊ भेजा गया। 20 मार्च को काउंसिल की ओर से स्पष्ट किया गया कि डॉ. अवतार सिंह मेहरा के नाम से प्रस्तुत सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र फर्जी, कूटरचित और निराधार हैं तथा उनका काउंसिल से कोई संबंध नहीं है।

 

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने जाली दस्तावेजों के आधार पर खुद को डॉक्टर बताकर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया और अवैध रूप से धन अर्जित किया।

 

स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 की धारा 34(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

—🖋️ अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞मो. 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh