उरई/जालौन। विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं कोचिंग संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जालौन प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त जांच टीमों ने उरई नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान संयुक्त टीमों ने इनफिनिटी विजन, भदौरिया क्लासेज, लक्ष्य कोचिंग, सिग्मा एकेडमी सहित कई अन्य शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में कई संस्थान बिना आवश्यक अनुमति संचालित होते पाए गए, जबकि अनेक स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। इसके अलावा कुछ संस्थानों में आपातकालीन निकास, भवन सुरक्षा एवं अन्य अनिवार्य मानकों का भी अभाव पाया गया।
संयुक्त टीमों ने नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों को सीज कर दिया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा एवं वैधानिक मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में कोचिंग संस्थानों और अस्पतालों की जांच के लिए पांच संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जिनमें विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत उन संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है जो बिना वैधानिक अनुमति संचालित हैं, बेसमेंट में चल रहे हैं या जहां अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी के अनुसार जनपद में लगभग 60 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं और अभियान के अंतर्गत अब तक एक दर्जन से अधिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा संबंधी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध प्रभावी एवं कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन द्वारा संचालित यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और मानक अनुरूप शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सकें।
रिपोर्ट : पूरन प्रताप सिंह, ब्यूरो चीफ जालौन

