28 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू, शामली नगर पालिका ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

अजीत कुमार श्रीवास्तव । जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान
शामली। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद शामली ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन हेतु पांच सभासदों को कांवड़ मेला प्रभारी नियुक्त किया है।
अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे, वाटरप्रूफ कंट्रोल रूम, वॉच टावर, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर, अस्थायी लाइटें, स्वागत द्वार, बैरिकेडिंग और विशेष सफाई व्यवस्था की जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधाओं और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन और पालिका की संयुक्त निगरानी रहेगी।
इस वर्ष 28 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पालिका ने करीब 150 सफाई कर्मियों, 24 कर्मचारियों और 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की तैनाती की है। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने तथा कांवड़ मार्ग की नियमित निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन भी किया गया है। महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष नजर रखने की जिम्मेदारी दो महिला सभासदों को सौंपी गई है।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






