शामली में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 1500 से अधिक लाभार्थियों को मिला विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ
अजीत श्रीवास्तव, जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान, शामली

शामली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली के तत्वावधान में रविवार को विकास भवन शामली में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 1500 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला जज एवं मेगा कैंप के अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षयदीप यादव, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सोहन लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिला जज नवीन कुमार सिंह ने विकास भवन परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए नवीन कुमार सिंह ने कहा कि मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे दिलाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी परामर्श उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्रत्येक नागरिक का नैतिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अक्षयदीप यादव ने विभागीय अधिकारियों से अपील की कि वे केवल पहले से पंजीकृत लाभार्थियों तक ही सीमित न रहें, बल्कि नए पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को भी चिह्नित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ें। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में राजस्व, श्रम, पंचायती राज, विकास, पुलिस, विद्युत, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका, कौशल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बैंक एवं ऋण सहायता, खाद्य एवं रसद, वन, डाक, मत्स्य, जल शक्ति सहित अनेक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।
विशेष आकर्षण जिला कारागार की महिला बंदियों द्वारा तैयार किए गए बैगों का स्टॉल रहा। विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक एवं किट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता आलोक चौहान, तरुण मित्तल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक रवि कुमार, पीएलवी अमजद, चैनपाल, रामकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन एवं लाभार्थी मौजूद रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




