भारत नेपाल सीमा के लोगों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा

लखीमपुर खीरी से नरेंद्र भारद्वाज की ख़ास रिपोर्ट

लखीमपुर-खीरी। पलिया कला में ग्राम त्रिकोलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन पलिया विधायक रोमी साहनी द्वारा किया गया। इस दौरान उनके साथ सीएमओ डॉ, संतोष गुप्ता भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता द्वारा विधायक रोमी साहनी को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत अधीक्षक डॉ. भरत सिंह व डॉ. अजीत सिंह द्वारा माल्यार्पण किया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि भारत नेपाल सीमा से 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से न सिर्फ भारत नेपाल सीमा के आसपास रहने वाले लोगों बल्कि इस क्षेत्र के ग्रामीणों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिकोलिया का शुभारंभ किया गया है। इसके लिए यहां पर इमरजेंसी सेवा टीकाकरण, ओपीडी, आईपीडी व परिवार नियोजन की कार्यक्रम 24 घंटे चलाए जाएंगे। इसके उपरांत ही एक फार्मासिस्ट, एक स्टाफ नर्स, एक एएनएम, एक सीएचओ, एक वार्ड बॉय की तैनाती मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कर दी गई है, जो अपनी निरंतर सेवाएं देंगे। इस दौरान पलिया विधायक रोमी साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किया जा रहा है और त्रिकोलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ इसी उद्देश्य की सार्थकता का प्रमाण है ना सिर्फ ग्रामीण लोगों को बल्कि भारत नेपाल सीमा पर रह रहे लोगों को भी यहां पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्हें अभी तक अपने क्षेत्र से कई किलोमीटर दूर तक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना पड़ता था, जो अब उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यहां पर 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं के साथ-साथ टीकाकरण व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए उठाए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप ही यह संभव हुआ है। कहा कि पलिया क्षेत्र में एक बड़ा क्षेत्र जंगल का भी है। यहां पर थारू जनजाति के लिए भी सरकार द्वारा तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो उनके स्वास्थ्य को लेकर और उनके परिवार को लेकर अहम भूमिका निभा रही हैं। आने वाले समय में पलिया सहित थारू जनजाति क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर करने का प्रयास सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके लिए सरकार अभी से इस क्षेत्र में काम कर रही है। इस दौरान उनके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया से अधीक्षक डॉ. भरत सिंह, डॉ. अजीत सिंह. फार्मासिस्ट रविंद्र मौर्य, काउंसलर अंकित दीक्षित, नगर पालिका चेयरमैन केबी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ला अभिनव मिश्रा, डिंपल शर्मा, रिंटू शर्मा, अरुण कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।

R Hindustan
Author: R Hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *