शामली जिले में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 92 शिकायतें दर्ज


शामली, कैराना व ऊन में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 92 शिकायतें प्राप्त

शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव 

प्रदेश सरकार के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आयुक्त सहारनपुर मंडल डॉ. रुपेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील शामली के सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और सभी विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि संबंधी मामलों में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान कुल 48 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 15, पुलिस विभाग की 11 तथा पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, बैंक एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शामली अरविन्द कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, डीएफओ जगदेव सिंह, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, पीडी डीआरडीए प्रेम चंद, एसडीएम शामली अर्चना शर्मा, एसडीएम न्यायिक हामिद हुसैन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


कैराना में 21 शिकायतें, 02 का मौके पर निस्तारण

इसके अलावा तहसील कैराना में एसडीएम निधि भारद्वाज की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


ऊन में 23 शिकायतें, 04 का मौके पर समाधान

वहीं तहसील ऊन में एसडीएम संदीप त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh