उपजा शामली की मासिक बैठक में गूंजे पत्रकार हितों के मुद्दे

उपजा शामली की मासिक पत्रकार बैठक में गूंजे पत्रकार हितों के मुद्दे, जिला अध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने किया नेतृत्व

 

शामली। यू.पी. जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) शामली जिला इकाई के जिला अध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में दिसंबर माह की मासिक पत्रकार बैठक का आयोजन संगठन महामंत्री प्रवीन निर्वाल के निज आवास पर किया गया। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पत्रकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों की भूमिका बेहद अहम है, लेकिन इसके साथ ही चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में संगठन की एकजुटता ही पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा कर सकती है। संगठन महामंत्री प्रवीन निर्वाल ने सभी पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

 

बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, प्रशासनिक उत्पीड़न, मान-सम्मान, फर्जी मामलों में संगठनात्मक सहयोग, मान्यता संबंधी समस्याएं तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।

 

वरिष्ठ पत्रकार अनिल कौशिक ने स्पष्ट किया कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर उपजा संगठन पूरी मजबूती के साथ उसके साथ खड़ा रहेगा। इस मीटिंग का संचालन उदित पंवार ने किया।

 

इस अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। सभी पत्रकारों ने अपने-अपने सुझाव रखे, जिन्हें संगठन हित में लागू करने का आश्वासन दिया गया। संगठन में नए साथियों को संगठन की सदस्यता पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव श्री गौरव चौधरी के सम्मुख कराई जाएगी ।

वरिष्ठ पत्रकार साथियों को बढ़ती सर्दी को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने को कहा गया।

 

बैठक के अंत में सभी पत्रकारों ने उपजा के बैनर तले एकजुट रहकर पत्रकार हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh