सरकारी आश्वासनों की समीक्षा को लेकर शामली पहुँची विधानसभा समिति, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

शामली, 12 मार्च 2026

अजीत कुमार श्रीवास्तव (जिला प्रभारी)

संपर्क सूत्र # 9456889665


माननीय सभापति राजपाल सिंह बालियान की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति की बैठक नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य राम खिलाड़ी सिंह एवं मोहम्मद फहीम इरफान सहित प्रभारी जिलाधिकारी/एडीएम सत्येन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में परिवहन, चीनी एवं गन्ना उद्योग, वन एवं पर्यावरण, सिंचाई एवं जल संसाधन, पंचायती राज, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह विभाग सहित कई विभागों से संबंधित विधानसभा में दिए गए लंबित आश्वासनों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी को इंग्लिश मीडियम स्कूलों की मान्यता की जांच कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला गन्ना अधिकारी को चीनी मिलों द्वारा किसानों के गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने, विशेष रूप से थानाभवन क्षेत्र पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक को एकल विद्यालयों में नियमानुसार शिक्षकों की तैनाती करने तथा सीओ चकबंदी को गांव कुडाना में चकबंदी प्रकरण में लगे स्टे के मामले में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में बस अड्डे के निर्माण को लेकर जानकारी ली गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने बताया कि भूमि उपलब्ध न होने के कारण कार्य लंबित है
एआरटीओ ने जानकारी दी कि विगत दो वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में घायल एवं मृतक व्यक्तियों के परिजनों को एमवी एक्ट के तहत मुआवजा प्रदान किया जा चुका है। वहीं जनपद शामली में कारागार निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूर्ण होने की जानकारी भी दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सभापति राजपाल सिंह बालियान ने कहा कि अधिकारी केवल पत्राचार की औपचारिकता न निभाएं, बल्कि व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है
प्रभारी जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा

बैठक के उपरांत आश्वासन समिति के सभापति एवं सदस्यों ने जिला अस्पताल शामली का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पीएनसी वार्ड और पुरुष वार्ड का निरीक्षण करते हुए मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इसके बाद समिति ने निकिता ग्रीनटेक रीसाइक्लिंग लिमिटेड, शामली का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट, पेपर मशीन और पावर प्लांट का निरीक्षण कर संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान आईआईए के अध्यक्ष विशालआशीष जैनअशोक बंसलआयुष बंसलअभिनव बंसलअभिषेक त्यागी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh