सपा एमएलसी किरण पाल कश्यप ने राज्यपाल के त्रुटिपूर्ण बजट का किया विरोध

राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर सपा एमएलसी किरण पाल कश्यप ने जताया विरोध, बजट को बताया त्रुटिपूर्ण

 

शामली | अजीत कुमार श्रीवास्तव 

 

विधान परिषद में राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के एमएलसी किरण पाल कश्यप ने बजट का कड़ा विरोध करते हुए इसे त्रुटिपूर्ण बताया और इसमें संशोधन की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 के बजट में गंभीर खामियां हैं और सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।

 

सपा एमएलसी ने बताया कि वह संसदीय अध्ययन समिति के अध्यक्ष हैं और प्रदेश के कई जिलों का भ्रमण करते रहते हैं। उन्होंने कई बार जिला स्तरीय अधिकारियों से यह जानकारी मांगी कि वर्ष 2025-26 के बजट में अब तक विभागवार कितना खर्च हुआ है, लेकिन किसी भी जिले के अधिकारी ने आज तक पूरा ब्यौरा समिति को उपलब्ध नहीं कराया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बजट का अधिकांश हिस्सा अभी तक खर्च ही नहीं हुआ है, तो शेष समय में आधे से अधिक बचा बजट कैसे खर्च किया जाएगा।

 

पर्यटन मंत्री पर तंज कसते हुए कश्यप ने कहा कि मंत्री द्वारा दो मूर्तियां लगवाई गई हैं, इसके लिए वह धन्यवाद के पात्र हैं, लेकिन उन मूर्तियों पर छतरी भी लगवाई जानी चाहिए, क्योंकि पक्षियों से मूर्तियों को नुकसान पहुंचता है।

 

कश्यप ने बताया कि महर्षि कश्यप, भगवान विश्वकर्मा, निषादराज और भगवान परशुराम जी की जयंती पर अवकाश की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा 16 फरवरी 2013 को की गई थी, लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सत्ता में आते ही इन छुट्टियों को रद्द कर दिया गया। उन्होंने इन सभी अवकाशों को पुनः बहाल करने की मांग की।

 

प्रयागराज की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उदयराज नामक व्यक्ति को पेट्रोल पंप लूट के मामले में फर्जी तरीके से फंसाकर 20 दिन तक जेल में रखा गया, बाद में उसे छोड़ दिया गया। इस मामले में संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

क्राइम के मुद्दे पर बोलते हुए कश्यप ने कहा कि अपराध में कमी का कारण समाजवादी सरकार द्वारा शुरू की गई 112 नंबर सेवा रही है, लेकिन वर्तमान सरकार उस व्यवस्था का सही रखरखाव नहीं कर पा रही है।

 

उन्होंने बनारस के सराय मोहना गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि यह देश का इकलौता गांव है जिसके पास राजस्व के नाम पर एक बिस्सा जमीन भी नहीं है। इस गंभीर विषय की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

शामली का जिक्र करते हुए सपा एमएलसी ने कहा कि करीब 9 साल बाद पहली बार शामली का नाम बजट में आया है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बजाज शुगर मिल पर किसानों का सबसे अधिक बकाया है, जिस पर सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

 

कश्यप समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में मछुआ आवास बनाए गए हैं, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस दिशा में कोई कार्य नहीं हुआ है। पश्चिमी यूपी में भी मछुआ आवास बनाए जाने चाहिए।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

toto88slot habibi88 garuda188