संवेदनशील इलाकों में ड्रोन, सीसीटीवी और भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन ने बनाए रखा कड़ा सुरक्षा घेरा
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान

शामली। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जनपद शामली में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आए। गुरुवार को थाना कैराना क्षेत्र सहित जनपद की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
डीएम आलोक कुमार यादव और एसपी एन.पी. सिंह ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
ईद पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी शामली श्री आलोक कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह ने क्षेत्राधिकारी कैराना, थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख ईदगाहों और नमाज स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
ड्रोन कैमरों और मोबाइल पुलिस टीमों से रखी गई लगातार निगरानी
पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी एवं यातायात पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पुलिस टीमों के जरिए लगातार निगरानी रखी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हालात पर नजर बनाए रहे।

पुलिस ने लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करने के लिए जागरूक किया गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील भी की गई।
पूरे जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ पर्व

नमाज के दौरान और उसके बाद पूरे जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में रही। प्रशासन और पुलिस की सक्रियता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते ईद-उल-अजहा पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
“शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें — शामली पुलिस आपके साथ है।”
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh



