औरैया। जनपद औरैया की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी औरैया के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में खराब सड़कों, अधूरे पुलों, जलभराव, अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि यमुना नदी पर स्थित शेरगढ़ घाट पुल की एप्रोच रोड कई स्थानों पर गड्ढों और कटाव के कारण जर्जर हो चुकी है। बरसात के मौसम में यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो आवागमन बाधित होने की आशंका है। इससे औरैया तथा जालौन जनपद के हजारों लोगों को व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा औरैया-फफूंद फोरलेन मार्ग पर नहर पुल के दोनों ओर ग्राम सरैया और देबरपुर के पास पिछले लगभग एक दशक से सड़क अधूरी होने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही सेंगर नदी पर निर्माणाधीन पढ़ीन पुल का कार्य अधूरा होने से फोरलेन की एक लेन से ही यातायात संचालित हो रहा है, जिससे लोगों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नहर पुल की चौड़ाई बढ़ाकर नया पुल बनाया जाए। इसके साथ ही दिबियापुर-औरैया मार्ग पर भी नया नहर पुल निर्माण कराया जाए। वहीं पाता से हरचंदपुर मार्ग की जर्जर सड़क की मरम्मत कराकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों का उल्लेख करते हुए ज्ञापन में औरैया नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताया गया। कहा गया कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और नालों की नियमित सफाई नहीं हो पाती। परिणामस्वरूप बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
विशेष रूप से नारायनपुर और गोविंद नगर मोहल्लों में बिना बारिश के भी जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए स्थायी समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि इन समस्याओं से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों की उच्चस्तरीय जांच कराकर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।
रिपोर्ट : हरिओम तिवारी






