राष्ट्रीय लोक अदालत में दो लाख मामलों के निस्तारण का लक्ष्य

प्रचार वाहनों के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचाया जाएगा लोक अदालत का सन्देश

 

✍️ अजीत कुमार श्रीवास्तव। जिला प्रभारी आर हिंदुस्तान 

 

शामली/कैराना, 9 सितंबर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को कैराना में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष इंदरप्रीत सिंह जोश ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रचार वाहनों के माध्यम से जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को लोक अदालत के फायदे तथा आपसी सुलह-समझौते के जरिए मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद शामली में करीब दो लाख मामलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। लोक अदालत में वाहन चालान, बिजली चोरी, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, दीवानी वाद तथा राजस्व से जुड़े समझौतायोग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति के आधार पर कराया जाएगा।

Oplus_16908288

जनपद न्यायाधीश ने लंबित मामलों वाले लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराएं। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि लंबे समय से चल रहे विवादों का भी शीघ्र समाधान संभव होगा।

यह जनजागरूकता अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।

इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ब्रिजेश कुमार शर्मा, अपर सत्र न्यायाधीश कैराना नवीन कुमार सिंह, अपर सत्र न्यायाधीश पोक्सो अशोक भारतेन्दु, अपर सत्र न्यायाधीश एससी/एसटी सुरेन्द्र कुमार राय, नोडल अधिकारी लोक अदालत एवं अपर सत्र न्यायाधीश ऋतु नागर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव डीएलएसए अक्षयदीप यादव, सिविल जज सीडी कैराना गंर्धव पटेल, सिविल जज सीडी शामली आँचल कसाना, सिविल जज जेडी कैराना जीनत प्रवीन, बार एसोसिएशन कैराना के अध्यक्ष ईशपाल सिंह सहित अधिवक्तागण मौजूद रहे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh