बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सीएचसी ऊन में नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव, 15 बच्चियों का हुआ सम्मान
शामली। महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन में नवजात कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी शामली श्री अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री मौहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएचसी प्रभारी डॉ. तरुण चौधरी ने की। इस दौरान 15 नवजात कन्याओं के साथ केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। बच्चियों को बेबी किट, फल, कंबल व अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, प्रसवोत्तर देखभाल, तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट श्री सागर वर्मा एवं श्री कुलदीप शर्मा ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन में सहयोग किया।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ दिलाई गई। साथ ही 112 पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में बीसीपीएम श्री नवीन पथिक, आशा कार्यकत्रियां, स्वास्थ्य कर्मी एवं स्थानीय महिलाएं सहित लगभग 110 लोगों ने सहभागिता की।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





