शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव
जनपद गौतम बुद्ध नगर में हाल ही में घटित एक दुखद घटना, जिसमें पानी में कार डूबने से एक इंजीनियर की मृत्यु हो गई थी, को ध्यान में रखते हुए जनपद शामली में आपदा प्रबंधन एवं त्वरित राहत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया ।
बुधवार दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन. पी. सिंह के निर्देशन में शामली पुलिस को आधुनिक सुरक्षा एवं रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध कराए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर जल-आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित और प्रभावी रेस्क्यू सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद के सभी थानों एवं पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुल 25 लाइफ सपोर्ट जैकेट, 25 लाइफ सपोर्ट रिंग तथा 25-25 मीटर लंबी रस्सियाँ प्रदान की गई हैं।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की दृश्यता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस को 100 रिफ्लेक्टर जैकेट और 100 ट्रैफिक बैटन टॉर्च स्टिक भी वितरित की गईं। इससे दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियंत्रण में और अधिक प्रभावशीलता आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री एन. पी. सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इन उपकरणों का नियमित अभ्यास किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्परता के साथ इनका प्रयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli,Uttar Pradesh Mobile Number # 9456889665 सम्पूर्ण भारत में कहीं से भी चैनल से जुड़ने हेतु भी संपर्क करें।





