जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुई इस बैठक में लापरवाह विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
(रिपोर्ट: संवाददाता छोटे लाल, चित्रकूट)
चित्रकूट में 21 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित, खोह पुल के पुनर्निर्माण के निर्देश
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी (यातायात) ने बताया कि जनपद में कुल 21 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित कर मुख्यालय भेजे गए हैं। रौली, कल्याणपुर, भरतपुर एवं चौहान ढाबा जैसे अत्यधिक दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों तथा मुख्य राजमार्ग से जुड़ने वाले ग्रामीण मार्गों पर रंबल स्ट्रिप, साइन बोर्ड और साइनेज अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-35 (NH-35) पर निर्मित रंबल स्ट्रिप्स पर शीघ्र पेंटिंग कराने तथा खोह से भौरी तक क्षतिग्रस्त सड़क व खोह पुलिस लाइन के समीप धंसी पटरी को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया है। खोह पुल के पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ होने से न्यूनतम 10 दिन पहले सूचित करने का निर्देश दिया गया है ताकि रूट डायवर्जन की सुचारू व्यवस्था की जा सके।
स्कूली बसों की सुरक्षा: बिना फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं चलेंगे वाहन
आगामी शिक्षण सत्र के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बेहद कड़े निर्देश दिए हैं। यात्री एवं मालकर अधिकारी ने बताया कि अब तक 292 स्कूली वाहनों का फिटनेस परीक्षण किया गया है, जिसमें से 16 वाहन अनफिट पाए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र के कोई भी स्कूली वाहन सड़क पर नहीं दौड़ना चाहिए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई: ओवरस्पीडिंग के 2972 चालान
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध की गई प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बेहद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं:
- ओवरस्पीडिंग चालान: मई माह में स्पीड गन के माध्यम से रिकॉर्ड 2972 चालान किए गए, जो कि विगत माह मात्र 9 चालान थे। जनपद में ओवरस्पीडिंग पर नजर रखने के लिए तीन स्पीड गन सक्रिय की गई हैं।
- ड्रंकन ड्राइविंग: शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ 233 चालान किए गए हैं। जिलाधिकारी ने इस पर आगे और विशेष अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
- लाइसेंस निलंबन: इस माह कुल 75 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने इस कार्रवाई में और तेजी लाने को कहा है।
- परिवहन विभाग कार्रवाई: यात्री एवं मालकर अधिकारी द्वारा कुल 40 वाहनों का चालान किया गया तथा 12 वाहनों के परमिट निलंबन की संस्तुति की गई है।
बड़ा फैसला: जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन वाहन चालकों का तीन बार चालान हो चुका है, उनका ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए।
अवैध ढाबों और अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई का अल्टीमेटम
राजमार्गों को सुरक्षित और बाधारहित बनाने हेतु जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (यातायात) को संयुक्त बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित अवैध ढाबों तथा अतिक्रमण को तत्काल हटवाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने का कड़ा आदेश दिया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी (यातायात) श्री यामीन अहमद, अधिशासी अभियंता (PWD) श्री जितेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, बांदा) तथा अधिशासी अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रयागराज) सहित समिति के अन्य सदस्य व विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
R Hindustan Media Group © 2026




