शामली।
जिलाधिकारी शामली श्री अरविन्द कुमार चौहान ने बुधवार को तहसील शामली कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, आर.के. कार्यालय, खतौनी कक्ष, निर्वाचन कार्यालय सहित तहसील के विभिन्न पटलों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम शामली न्यायालय में विचाराधीन धारा 24 व धारा 116 के मामलों की पत्रावलियों का अवलोकन किया तथा प्रतिदिन तिथि निर्धारित कर लंबित वादों के समय से निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण करते हुए धारा 34/35 एवं धारा 67 से संबंधित लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आर.के. कार्यालय का निरीक्षण कर आर-6 रजिस्टर की जांच की। ग्राम खेड़ी बैरागी में दर्ज पंजीकृत वसीयत के आदेश की प्रविष्टि को कंप्यूटरीकृत खतौनी में जांचा गया, जो सही पाई गई।
निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अर्चना शर्मा, तहसीलदार शामली मनोज कुमार, नायब तहसीलदार गौरव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh



