जनगणना–2027 पूरी तरह डिजिटल होगी — जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 

जनगणना–2027 के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

शामली | अजीत कुमार श्रीवास्तव 

 

जनगणना–2027 के सफल कार्यान्वयन एवं संचालन को लेकर बुधवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शामली श्री अरविन्द कुमार चौहान ने की।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शामली एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री सत्येंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना–2027 स्वतंत्रता के बाद देश की आठवीं जनगणना होगी। इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस होगी। नागरिकों को मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपना विवरण दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए संबंधित एप डाउनलोड कर जानकारी भरनी होगी।

 

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए सुपरवाइजर एवं इन्वेस्टिगेटर (गणनाकर्मी) की नियुक्ति की जाएगी, जिन्हें मास्टर ट्रेनर द्वारा विधिवत प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की शुरुआत पहले सुपरवाइजर स्तर से कराई जाएगी। इस कार्य में शिक्षक, लेखपाल सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

 

बताया गया कि जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति में कुल नौ सदस्य होंगे, जिनमें जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, संयोजक के रूप में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शामली/जिला जनगणना अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहेंगे।

 

अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना–2027 के संबंध में दो मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण हेतु लखनऊ गए हैं तथा जनपद में कुल 46 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना–2027 को पारदर्शी, सटीक एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।

 

बैठक में डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी अश्विनी कुमार शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर, जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप अग्रवाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ज्योति प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

toto88slot habibi88 garuda188