अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर थाना आदर्श मंडी में जागरूकता कार्यक्रम, एसपी एन.पी. सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर दिया संदेश

महिला पुलिसकर्मियों को अधिकार, सुरक्षा कानून और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को थाना आदर्श मंडी में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह तथा क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान, उपलब्धियों और उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, राजनीति, खेल, व्यवसाय और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को महिलाओं से संबंधित कानूनों, सुरक्षा उपायों और महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं के साहस, संघर्ष और उपलब्धियों को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में थाना आदर्श मंडी के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh