धनगर समाज ने अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

संविधान, शासनादेश और न्यायालय के आदेशों का दिया हवाला, स्थलीय जांच कर प्रमाण पत्र जारी करने की उठाई मांग

अजीत कुमार श्रीवास्तव

जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान

मोबाइल : 9456889665

गढ़ीपुख्ता/ऊन। क्षेत्र के धनगर समाज के लोगों ने तहसीलदार ऊन को ज्ञापन सौंपकर धनगर समाज के व्यक्तियों को अनुसूचित जाति (एससी) का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने संविधान, शासनादेशों और न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए अपनी मांग को न्यायसंगत बताया।

ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-341 के अंतर्गत “धनगर (DHANGAR)” जाति को संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश-1950 में अनुसूचित जाति के रूप में अधिसूचित किया गया है। समाज के लोगों का कहना है कि धनगर, गड़रिया जाति की उपजाति है तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निवास करती है।

शासनादेशों का उल्लेख कर उठाई प्रमाण पत्र जारी करने की मांग

ज्ञापन में समाज कल्याण विभाग के शासनादेश संख्या 260/1-एमएम/26-03-2018 तथा 24 जनवरी 2019 के आदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि शासन द्वारा धनगर एवं नियार उपजातियों के सामाजिक संबंधों, रोटी-बेटी के व्यवहार और स्थलीय जांच के आधार पर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि किसी पुराने अभिलेख में “गड़रिया” अंकित है तो उसे प्रमाण पत्र जारी करने में बाधा नहीं बनाया जाना चाहिए। वास्तविक जांच में व्यक्ति के धनगर समुदाय से संबंधित पाए जाने पर उसे अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाना चाहिए।

हाईकोर्ट के आदेशों का भी दिया हवाला

ज्ञापन में इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज द्वारा पारित विभिन्न आदेशों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि धनगर समाज को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र दिए जाने में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं होनी चाहिए। समाज के लोगों ने दावा किया कि जनपद शामली में निवासरत धनगर समाज अनुसूचित जाति श्रेणी से संबंधित सभी सामाजिक मानकों को पूरा करता है।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे समाज के लोग

तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने वालों में मनजीत सिंह धनगर, अंजली धनगर, विशु धनगर, वंशपाल धनगर, सतबीर धनगर, मोनू धनगर, ओमबीर धनगर, रेशम सिंह, राजेंद्र धनगर, मानू धनगर, सागर धनगर, राजेश धनगर, शिवम धनगर और शवेंद्र धनगर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh