शामली में एनकाउंटर: 25 सेकंड में 18 राउंड फायरिंग, अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर ढेर

होटल राजमहल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल; सोनीपत के सुमित और मोहित मारे गए

अजीत कुमार श्रीवास्तव। जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान 

शामली। अंकित बालियान हत्याकांड के बाद फरार चल रहे दो शूटरों को शामली पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया। कोतवाली क्षेत्र में होटल राजमहल के निकट हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने महज 25 सेकंड में 18 राउंड फायरिंग कर पुलिस टीम को निशाना बनाने का प्रयास किया। बदमाशों की गोली पुलिस वाहन में भी लगी और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर मारे गए।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही जनपद के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया और बदमाशों की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी गई।

पुलिस टीमों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वे पुलिस को चकमा देकर मन्ना माजरा की ओर भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान होटल राजमहल के निकट बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने करीब 25 सेकंड के भीतर 18 राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए।

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित निवासी राझड़ा, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल शूटर थे और हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे थे।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की घेराबंदी कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद कर उन्हें कब्जे में लिया है।

अंकित बालियान हत्याकांड के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपितों की भूमिका और दोनों मृत शूटरों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh