डिजिटल युग में सूचना विभाग की बड़ी पहल, ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक जानकारी अब पहुंचेगी सीधे आमजन तक

अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान

लखनऊ, 18 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया है। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने चैनल का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनता और सरकार के बीच बनेगा सशक्त संवाद सेतु

‘सूचना प्रवाह’ उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों तथा जनहितकारी कार्यक्रमों से जुड़ी प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

चैनल पर विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी किया जाएगा।

डिजिटल मीडिया बना सबसे प्रभावी जनसंचार माध्यम : विशाल सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” सरकार और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक सशक्त मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से नागरिकों को सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल एवं आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

विकास यात्रा को मिलेगा व्यापक मंच : अरविंद कुमार मिश्र

अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की समयबद्ध एवं सही जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

जनहित की सूचनाओं का बनेगा विश्वसनीय केंद्र

नव स्थापित यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनेगा। साथ ही यह मंच आमजन और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh