नगर पालिका शामली की बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला, टैक्स में 10% छूट की समयावधि बढ़ी
शामली | 06 फरवरी 2026
अजीत कुमार श्रीवास्तव
नगर पालिका परिषद शामली की बोर्ड बैठक आज पालिका सभागार में अध्यक्ष अरविन्द संगल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास और जनता को राहत देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारी को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट नियमानुसार तैयार किया जाए और पूर्व बजट की अधूरी योजनाओं को भी इसमें शामिल किया जाए।
बैठक का सबसे अहम निर्णय वित्तीय वर्ष 2025-26 के भवन कर व जलकर पर 10 प्रतिशत छूट की समयावधि बढ़ाने को लेकर रहा। सभासद रोबिन गर्ग के सुझाव पर विचार करते हुए सदन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शहर की जनता को यह छूट अब 31 मार्च 2026 तक दी जाएगी। प्रस्ताव को करतल ध्वनि के साथ पास किया गया।
इसके साथ ही नगर क्षेत्र की मुख्य गलियों के नामकरण और उन पर रिफ्लेक्टर बोर्ड लगाने की योजना पर भी सहमति बनी। अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य चौराहों का नामकरण पहले ही पूरा किया जा चुका है।
बैठक में शहर में एक नए “नमो पार्क” के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बिग ग्रेटर होशियार सिंह स्कूल के आगे स्थित नगर पालिका की लगभग एक एकड़ भूमि को पार्क निर्माण हेतु चिन्हित किया गया है। निर्माण विभाग को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कुल 25 में से 20 सभासद उपस्थित रहे। संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




