कानपुर नगर में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 5.12 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

कानपुर नगर। जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है और इस उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को 28 जून को अपने निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुंचना संभव न हो तो बच्चे को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भी पोलियो की खुराक दिलाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने अभियान का संदेश देते हुए कहा, “एक भी बच्चा छूटा, पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटा।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के लिए पूरे जनपद में 2,069 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। 29 जून से घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का विशेष अभियान शुरू होगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें तथा 350 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इस प्रकार अभियान में कुल 9,585 टीमें कार्य करेंगी, जिनमें 12,642 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों, घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से निकली जागरूकता रैली पीएसी चौराहा होते हुए पुनः कार्यालय परिसर पहुंची। रैली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ, जेएसआई, नेहरू युवा केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
रिपोर्ट : किशोर मोहन गुप्ता

R Hindustan
Author: R Hindustan