खोखरी नदी पुनर्जीवन अभियान को रफ्तार, दो माह में पूरा करने का अल्टीमेटम

खोखरी नदी के कायाकल्प को प्रशासन सख्त, दो माह में जीर्णोद्धार पूरा करने का लक्ष्य

 

शामली। जनपद में नदियों के संरक्षण और पर्यावरण सुधार को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, पर्यावरण समिति और वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक में नदी पुनर्जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता घोषित किया गया।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की नदियों को पुनर्जीवित करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्रेनेज खंड को शीघ्र डीपीआर तैयार कर नदी सफाई, गाद निकासी और जल प्रवाह बहाली के कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए।

 

खास तौर पर खोखरी नदी के जीर्णोद्धार को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी का पुनरुद्धार कार्य हर हाल में दो माह के भीतर पूरा किया जाए। इसके तहत अतिक्रमण हटाने, जल निकासी मार्गों को दुरुस्त करने और नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बहाल करने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में नदी संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता रमन कांत ‘नदी पुत्र’ को भी शामिल किया गया। उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने नदी क्षेत्रों में हो रहे अतिक्रमण और अवैध खनन पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माना वसूली और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

ग्रामीण क्षेत्रों से नदी में पहुंचने वाले गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायतों की ड्रेनेज मैपिंग तीन दिन में तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निकायों को हर माह जल गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश भी दिए गए।

 

इसके अलावा मामौर झील को आर्द्रभूमि घोषित करने के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही गई, ताकि जैव विविधता और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में नदी संरक्षण और पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh