शामली की रेलवे समस्याओं को लेकर रेल मंत्री से मिला प्रतिनिधि मंडल, आरओबी निर्माण और जनता एक्सप्रेस ठहराव की मांग

बिजनौर सांसद चंदन चौहान के नेतृत्व में रेल भवन पहुँचा प्रतिनिधि मंडल, अंडरपास के बजाय ओवरब्रिज की उठी मांग

नई दिल्ली।

बिजनौर सांसद श्री चंदन चौहान के नेतृत्व में जनपद शामली का एक प्रतिनिधि मंडल आज रेल भवन, नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मिला। यह भेंट केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर संपन्न हुई, जिसमें जनपद शामली से जुड़ी महत्वपूर्ण रेलवे संबंधी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

 

प्रतिनिधि मंडल में थानाभवन विधायक श्री अशरफ़ अली ख़ान एवं शामली विधायक श्री प्रसन्न चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

बैठक के दौरान दिल्ली–सहारनपुर रेलवे लाइन पर जनपद शामली के कस्बा एलम एवं जलालाबाद क्षेत्र में स्थित प्रमुख रेलवे फाटकों, विशेषकर रेलवे गेट संख्या–109 (गंगोह मार्ग, जलालाबाद) तथा एलम–भनेड़ा मार्ग के रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण से उत्पन्न होने वाली गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

प्रतिनिधि मंडल ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं जलनिकासी की गंभीर समस्या के चलते अंडरपास निर्माण की स्थिति में बरसात के मौसम में भारी जलभराव होगा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो सकता है। इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में कठिनाई आएगी और ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों व पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पूर्व में निर्मित अंडरपासों का अनुभव भी संतोषजनक नहीं रहा है।

 

यह भी बताया गया कि यह मार्ग 10 से 12 गाँवों को जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके अवरुद्ध होने से एलम, भनैड़ा, कनियान, भारसी, हरियाखेड़ा, दुर्गनपुर, बराल, असारा, निरपुड़ा, टीकरी, सुजती सहित अनेक ग्रामों की बड़ी आबादी प्रभावित होगी।

 

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधि मंडल ने अंडरपास निर्माण को निरस्त कर उसके स्थान पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की माँग मजबूती से रखी।

 

इसके अतिरिक्त सहारनपुर–दिल्ली वाया शामली जनता एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14545/14546) का थानाभवन टाउन रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किए जाने की माँग भी रखी गई। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों एवं आम नागरिकों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

 

माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधि मंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तथ्यों की जाँच कर जनहित में आवश्यक एवं सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

 

प्रतिनिधि मंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे जनपद शामली की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

 

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli,Uttar Pradesh Mobile Number # 9456889665 सम्पूर्ण भारत में कहीं से भी चैनल से जुड़ने हेतु भी संपर्क करें।