शामली जनपद के थाना कैराना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मलकपुर में एक नवजात बालिका कूड़े के ढेर पर बोरी में लिपटी हुई अवस्था में मिली। बच्ची के गले में कपड़ा बंधा हुआ था, जिससे उसका दम घुट रहा था, जबकि मुंह से खून निकल रहा था। साथ ही उसकी आहार नाल भी कटी नहीं थी।
ग्राम की एक महिला की तत्परता से दाई को बुलाकर आहार नाल कटवाई गई और बच्ची को तुरंत कैराना के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद रात्रि में बच्ची को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला संयुक्त चिकित्सालय, नहर मुंडेट में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की त्वरित, संवेदनशील और समन्वित कार्रवाई से एक नवजात बच्ची की जान बचाई जा सकी।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh







