पालिका कार्यालय में हंगामा, सरकारी फाइल फाड़ने का आरोप
अध्यक्ष व कर्मचारियों ने दी तहरीर, कार्रवाई की मांग
कांधला, शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव
नगर पालिका परिषद कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति पर कार्यालय में घुसकर हंगामा करने और सरकारी फाइल फाड़ने का आरोप लगा। घटना के बाद पालिका अध्यक्ष व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कर्मचारियों के साथ दी गई तहरीर में बताया कि कस्बे के मोहल्ला मिदृगान निवासी तनवीर पुत्र सहीद बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है। आरोप है कि वह पालिका की कार्यप्रणाली पर अनर्गल आरोप लगाकर जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास करता रहा है।
बताया गया कि आरोपी कई बार बिना पूर्व सूचना के पालिका कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों से बहस करता है और कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप करता है। मंगलवार को भी वह अचानक कार्यालय पहुंचा और एक प्रशासनिक विषय को लेकर विवाद करने लगा। कर्मचारियों द्वारा समझाने पर वह उग्र हो गया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए हंगामा करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने मेज पर रखी एक सरकारी फाइल उठा कर फाड़ दी, जिसमें महत्वपूर्ण पत्राचार व अभिलेख संलग्न थे। फाइल क्षतिग्रस्त होने से कार्यालयी कार्य प्रभावित हुआ।
घटना के समय कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी व नागरिक भी सहम गए। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से कार्यालय का अनुशासन और कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अभिलेखों को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है और इससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा आती है। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पालिका अध्यक्ष व कर्मचारियों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
toto88slot habibi88 garuda188





