शामली में बौद्धिक खेल शतरंज की दो दिवसीय प्रतियोगिता शुरू
शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव
भारत विकास परिषद शामली मिलाप द्वारा आयोजित दो दिवसीय निशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका परिषद शामली के चेयरमैन एवं संरक्षक अरविंद संगल ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता का आयोजन जैन स्थानक, मिल रोड, शामली में किया गया।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष सरल माधव, क्षेत्रीय संयोजक आलोक भटनागर, विशिष्ट अतिथि लव तरार (सहायक आयकर विभाग अधिकारी), प्रशांत कुमार (सहायक राज्य कर आयुक्त), तथा शाखा अध्यक्ष श्याम कुच्छल उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन अरविंद संगल ने कहा कि शतरंज बच्चों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ तार्किक सोच को विकसित करता है, जो प्रवेश परीक्षाओं व नौकरी से संबंधित प्रतियोगिताओं में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि हार को निराशा नहीं बल्कि सीख के रूप में लेना चाहिए। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं एक चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
सचिव प्रदीप संगल ने बताया कि यह प्रतियोगिता 10 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए आयोजित की गई है, जिसमें विभिन्न शाखाओं, संस्थाओं एवं विद्यालयों के कुल 54 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता तीन राउंड में संपन्न हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह व एकाग्रता के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का समापन 8 फरवरी 2026 को होगा ।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






