कैराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, 10 पिस्टल व 5 तमंचे बरामद

👉मध्य प्रदेश से ट्रेन के जरिए लाकर शामली में करता था सप्लाई, बाइक और मोबाइल भी जब्त

 
⚡कैराना पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर दबोचा, भारी मात्रा में असलहा बरामद

शामली। जनपद की कैराना थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 अवैध पिस्टल, 5 तमंचे मय जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल व एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, उप-महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेशानुसार अवैध शस्त्रों की बरामदगी एवं तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला व क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के निर्देशन में थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त शोएब पुत्र महताब निवासी ग्राम तीतरवाड़ा थाना कैराना ने बताया कि वह अवैध हथियार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर रेलवे स्टेशन से अकरम नामक व्यक्ति से खरीदता था। अकरम व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क करता था और बैग में रखकर हथियार सौंप देता था। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से हथियार लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता था।

अभियुक्त ने बताया कि वह ये हथियार कादिर नामक व्यक्ति को बेचने जा रहा था, जिसे वह पहले भी कई बार अवैध असलहे उपलब्ध करा चुका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।

गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना कैराना पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

📞संपर्क सूत्र # 9456889665

📷 आर हिंदुस्तान

 

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh