पूजा-पाठ के बहाने सोने के आभूषण ठगने वाला गिरोह गिरफ्तार, 4 आरोपी दबोचे

पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 4 आरोपी दबोचे

शामली। थाना कोतवाली पुलिस ने पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर सोने के आभूषण ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी कर बेचे गए आभूषणों की रकम 8 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक बैग, दो ज्योतिष की डिग्री, एक ज्योतिष पत्रिका व एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 20 मार्च 2026 को मोहल्ला नया बाजार निवासी अशोक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने पूजा-पाठ कराने के बहाने उसके घर से करीब 125-130 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ गंगाशरण, श्रीनिवास, भवानी शंकर और जतन के रूप में हुई है, जो अलग-अलग जनपदों के निवासी हैं।

ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को ज्योतिषी बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। पहले वे पीड़ित के घर जाकर उसके जीवन से जुड़ी बातें बताकर भरोसा कायम करते थे, फिर पूजा-पाठ के नाम पर सोने के आभूषण कलश में रखने को कहते थे। बाद में चालाकी से असली आभूषण बदलकर नकली रख देते और फरार हो जाते थे।

आरोपियों ने बताया कि वे पहले से ही एक जैसी पोटली तैयार रखते थे, जिससे किसी को शक न हो। घटना के बाद वे आभूषणों को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे।

कई जिलों में कर चुके हैं वारदात
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पलवल, गाजियाबाद, हरिद्वार, लखनऊ, आगरा, मथुरा, हापुड़, जोधपुर, सीतापुर और बुलंदशहर सहित कई स्थानों पर इसी तरह की ठगी कर चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh