डिलीवरी के दौरान लापरवाही का आरोप: महिला की हालत बिगड़ी, परिजनों का अस्पताल पर प्रदर्शन
शामली। शहर के झिंझाना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाज के दौरान महिला की पेशाब की थैली (ब्लैडर) कट गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी सोनू ने 30 तारीख को अपनी पत्नी प्रीति को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने खून की कमी बताते हुए महिला को ब्लड चढ़ाना शुरू किया। इसी बीच डिलीवरी कराई गई, लेकिन इसके बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के चलते डिलीवरी के दौरान महिला की पेशाब की थैली कट गई, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने समुचित इलाज नहीं किया और जल्द ही डिस्चार्ज करने की बात कह दी। हालत ज्यादा बिगड़ने पर महिला को मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में रेफर किया गया।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर भी दी।
वहीं, अस्पताल की डॉक्टर शिल्पी गुप्ता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला को खून चढ़ाने के दौरान ही डिलीवरी हो गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज किया गया था और बाद में चेकअप के लिए बुलाया गया था, लेकिन परिजन उसे दोबारा अस्पताल नहीं लाए।
इस मामले में एडिशनल सीएमओ विनोद कुमार का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤 आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




