शामली में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2026 शुरू

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शामली में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2026 का शुभारंभ

शामली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को जनपद शामली में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान–2026 की शुरुआत की गई। जिला कुष्ठ अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. अथर जमील ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शामली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने जिलाधिकारी महोदय का संदेश पढ़कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कुष्ठ उन्मूलन की शपथ दिलाई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान जनपद में 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और समय पर उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अथर जमील ने कहा कि कुष्ठ रोग किसी पूर्व जन्म का फल या अभिशाप नहीं है, बल्कि यह माइकोबैक्टीरियम नामक जीवाणु से होने वाला एक सामान्य संक्रमण है, जो नियमित और पूर्ण उपचार से पूरी तरह ठीक हो सकता है।

उन्होंने बताया कि जागरूकता पखवाड़े के दौरान जनपद की सभी आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ, हेल्थ वर्कर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सहयोग से ग्राम सभाओं, विद्यालयों, स्लम क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh