🔴 कैराना में पुलिस मुठभेड़, लूट की योजना बना रहे 2 बदमाश घायल होकर गिरफ्तार
कैराना (शामली)।
थाना कैराना पुलिस ने लूट की योजना बनाते हुए घूम रहे बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।
पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि बिना नम्बर की स्विफ्ट कार सवार चार बदमाश थाना क्षेत्र में लूट की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तितरवाड़ा के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल रिंकु भाटी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जहांगीर पुत्र जाहिद हसन और शाहरुख पुत्र जमील, निवासी मानकमऊ, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए। घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल शामली में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा (.315 बोर), 02 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस और बिना नम्बर की स्विफ्ट कार बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त जहांगीर शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम व गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
घटना में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





