थाना समाधान दिवस में सुनी गईं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
शामली, 28 मार्च। जनपद शामली में आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत थाना कांधला पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान एवं पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्राथमिकता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कर जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं आपसी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर मौके पर जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा बताया गया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी
आर हिंदुस्तान
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






