जनसुनवाई में पहुंची मां की फरियाद पर जिलाधिकारी ने दिखाई संवेदनशीलता, तत्काल जारी हुआ आयुष्मान कार्ड
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, शामली | आर हिंदुस्तान
शामली।जनसुनवाई के दौरान एक पीड़ित मां की गुहार पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आंत के कैंसर से जूझ रहे युवक को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाया है। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद युवक का नाम योजना में शामिल कर उसका आयुष्मान कार्ड जारी कराया गया, जिससे अब उसका इलाज निशुल्क हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार जनपद के ग्राम खेरी करमु निवासी श्रीमती चांदनी ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी के समक्ष अपने पुत्र रवि कुमार के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। रवि कुमार आंत के कैंसर से पीड़ित हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति उपचार का खर्च उठाने में सक्षम नहीं थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अथर जमील एवं संबंधित टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पाया गया कि श्रीमती चांदनी और उनके पति का नाम पहले से ही आयुष्मान भारत योजना की पात्रता सूची में शामिल है, लेकिन किसी कारणवश उनके पुत्र रवि कुमार का नाम सूची में दर्ज नहीं था।
आयुष्मान टीम ने पात्रता की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि रवि कुमार का नाम योजना में जोड़े जाने की सभी शर्तें पूरी हो रही हैं। इसके बाद लखनऊ स्थित संबंधित कार्यालय से समन्वय स्थापित कर रवि कुमार का नाम आयुष्मान भारत योजना में शामिल कराया गया तथा उनका आयुष्मान कार्ड जारी कर दिया गया।
आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद अब रवि कुमार का इलाज योजना के अंतर्गत निशुल्क कराया जा सकेगा। इस सहायता से राहत महसूस कर रही श्रीमती चांदनी ने जिलाधिकारी, नोडल अधिकारी डॉ. अथर जमील तथा आयुष्मान भारत टीम का भावुक होकर आभार व्यक्त किया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह मामला दर्शाता है कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन की तत्परता किस प्रकार जरूरतमंद लोगों के लिए राहत और उम्मीद का कारण बन रही है।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh


