ODOP योजना: शामली में लाभार्थियों को टूलकिट्स वितरित, स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

शामली में ODOP योजना के तहत टूलकिट्स वितरण, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

शामली के नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) टूलकिट्स एवं प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत टूलकिट्स वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद शामली को 350 अकुशल व्यक्तियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें टूलकिट्स उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामली विधायक प्रसन्न चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने लाभार्थियों को टूलकिट्स वितरित किए। इस दौरान लौहकला ट्रेड से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट्स प्रदान की गईं, जिससे वे अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित कर सकें।

विधायक प्रसन्न चौधरी ने लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ODOP योजना स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बन रही है।

मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण एवं टूलकिट्स वितरण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि जनपद में ODOP योजना के तहत निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़ सकें। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग श्रीमती रतिका गुप्ता, सहायक आयुक्त उद्योग श्री रविन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

 

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤 जिला प्रभारी 

📞 # 9456889665

🎤 आर हिंदुस्तान

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh