विश्व क्षय रोग दिवस पर 9 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान
शामली, 24 मार्च।
नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएलसी वीरेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप एवं प्रभारी जिलाधिकारी/अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम में जनपद की 9 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर सम्मानित किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं—अजुमन खिदमत, आस्था नर्सिंग होम, अवर इंडिया फाउंडेशन, इनर व्हील क्लब, रेड क्रॉस सोसायटी व मंदिर महादेव शिवालय—द्वारा 10-10 टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली किट वितरित की गई।
मुख्य अतिथि वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही सबसे बड़ी पूंजी है और टीबी जैसी बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्राम प्रधानों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे टीबी के लक्षण दिखने पर मरीजों को तुरंत सरकारी अस्पताल भेजें।
जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। वहीं प्रभारी जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि टीबी लाइलाज नहीं है और सरकारी अस्पतालों में इसका निशुल्क इलाज उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले में वर्तमान में 2701 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है, जिन्हें निक्षय पोषण योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, शामली
📞 9456889665
बैनर: आर हिंदुस्तान
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





