एक ही चेक से कराए कई बैनामे, जमीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
थानाभवन
थानाभवन क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ही चेक नंबर का इस्तेमाल कर कई बैनामे कराए गए और लाखों रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित नदीम अली, निवासी खेड़ा जलालाबाद, ने न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि 8 जनवरी 2024 को उन्होंने एक प्लॉट खरीदा था और भुगतान चेक के माध्यम से किया था। बाद में आरोपी ने नकद पैसों की मांग शुरू कर दी। भरोसे में आकर पीड़ित ने लगभग 6 लाख रुपये नकद भी दे दिए, लेकिन मांगें लगातार बढ़ती रहीं।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने एक ही चेक नंबर का इस्तेमाल कई बैनामों में किया और दस्तावेजों में भी हेरफेर की गई। जिस जमीन को आवासीय बताकर बेचा गया, वह अभी तक वैधानिक रूप से आवासीय घोषित ही नहीं है।
इस मामले में रजिस्ट्री कार्यालय की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं कि एक ही चेक से कई बैनामे होने के बावजूद इसे कैसे पास किया गया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहा है और विरोध करने पर जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित ने कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वह हाईकोर्ट, इनकम टैक्स विभाग और अन्य एजेंसियों तक जाएगा।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh








