ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
शामली:
जनपद शामली की थाना आदर्शमंडी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, NCRP पोर्टल से प्राप्त म्यूल खातों की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैनलों के जरिए लोगों को लिंक भेजकर फर्जी ऐप डाउनलोड कराते थे और अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर ठगी करते थे। इसके बाद पीड़ितों से ठगी गई रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कर हड़प ली जाती थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मयंक उर्फ सन्नी और विशाल के रूप में हुई है, जो कैराना क्षेत्र के निवासी हैं। जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने मिलकर एक म्यूल खाते के माध्यम से करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन किया है। इस खाते के खिलाफ देशभर से अब तक 5 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सादिक नामक व्यक्ति के बैंक खाते का उपयोग किया, जिसे कमीशन का लालच देकर खाते की पूरी जानकारी हासिल की गई थी। इसके बाद उसी खाते के जरिए साइबर ठगी की रकम का ट्रांजेक्शन किया गया।
इस मामले में थाना आदर्शमंडी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना आदर्शमंडी और कोतवाली शामली पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी सराहना की जा रही है।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





