माँ बगलामुखी जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया भव्य पूजन व हवन

भक्ति और श्रद्धा के बीच मनाया गया माँ बगलामुखी का भव्य जन्मोत्सव

 

शामली, 24 अप्रैल 2026। मुन्डेट रोड स्थित माँ बगलामुखी मंदिर में देवी के जन्मोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद शामली के चेयरमैन अरविन्द संगल ने कहा कि माँ बगलामुखी अपने भक्तों के सभी भय दूर कर उनकी रक्षा करती हैं और मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। उन्होंने बताया कि दस महाविद्याओं में आठवीं महाविद्या के रूप में पूजित माँ बगलामुखी नकारात्मक शक्तियों को नियंत्रित करने की प्रतीक हैं। पीले वस्त्र धारण करने के कारण उन्हें पीताम्बरा देवी के नाम से भी जाना जाता है।

 

जन्मोत्सव के अवसर पर आचार्य मोहित नोटियाल ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कराया। मुख्य यजमान के रूप में अरविन्द संगल एवं मीनू संगल उपस्थित रहे। इसके बाद सर्वकल्याण की कामना के साथ यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

 

पूजन के उपरांत माता की आरती की गई और भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

 

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ बगलामुखी का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh