फर्जी ट्रीटमेंट का जाल: शामली में पार्लरों में महिलाओं को बनाया जा रहा शिकार

शामली के ब्यूटी पार्लरों में ‘इलाज’ के नाम पर ठगी, स्किन-हेयर ट्रीटमेंट के बहाने महिलाओं से वसूली

 

शामली: जनपद में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में स्किन और हेयर ट्रीटमेंट के नाम पर ठगी का बड़ा खेल सामने आ रहा है। आरोप है कि कई पार्लरों में बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के महिलाओं को इलाज का झांसा देकर उनसे भारी रकम वसूली जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, कुछ पार्लर संचालक महिलाओं को स्किन एलर्जी, बाल झड़ने, दाग-धब्बों और अन्य समस्याओं का डर दिखाकर महंगे ट्रीटमेंट पैकेज थमा रहे हैं। खासकर ग्रामीण और कम जागरूक महिलाओं को निशाना बनाकर हजारों रुपये तक की वसूली की जा रही है।

 

चौंकाने वाली बात यह है कि इन तथाकथित ट्रीटमेंट्स में कई बार बिना लाइसेंस दवाइयों और केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे महिलाओं की त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचने के मामले भी सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग इस पूरे मामले से या तो अनजान बना हुआ है या फिर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्यूटी पार्लरों की आड़ में चल रहे इस अवैध ‘इलाज’ के कारोबार पर लगाम लगाने की सख्त जरूरत है। पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पार्लरों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

 

सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जागरूकता अभियान चलाने और महिलाओं को ऐसे झांसे से बचने की अपील की है।

 

अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक इस ठगी के खेल पर रोक लग पाती है।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh