*फिरोजाबाद*
*पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे के विरोध में उपजा का आक्रोश, मुख्यमंत्री के नाम एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन*
फिरोजाबाद। जनपद में पत्रकार और संभ्रांत नागरिकों पर साजिशन फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर यूपी जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) में गहरा रोष है। मंगलवार को उपजा पदाधिकारियों ने एसपी सिटी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार ऋतिक उपाध्याय, भाजपा कार्यकर्ता देव शर्मा, व्यापारी बॉबी गुप्ता और सोनू शर्मा के खिलाफ थाना उत्तर पुलिस ने बिना किसी ठोस सबूत के फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला 7 नवंबर की रात का है, जब जैन मंदिर चौराहे पर युवती मुस्कान चौहान के साथ शराबी और आपराधिक प्रवृत्ति के युवक राहुल उपाध्याय ने गाली-गलौज कर छेड़खानी की थी। साहस दिखाते हुए मुस्कान ने मनचले की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे शहर के कई पत्रकारों और नागरिकों ने साझा किया।
इसी से नाराज होकर आरोपी राहुल उपाध्याय ने प्रतिशोध की भावना से रितिक, देव, सोनू और बॉबी पर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। उपजा ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस ने बिना जांच किए मुकदमा दर्ज कर पत्रकारों के साथ अन्याय किया है। संगठन ने मांग की कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और आरोपितों की सीडीआर सार्वजनिक की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उपजा ने यह भी बताया कि आरोपी राहुल उपाध्याय ने संगठन के जिलाध्यक्ष और जनपद के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ उपाध्याय के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर झूठी और अपमानजनक टिप्पणी की है, जिससे पूरे संगठन में रोष व्याप्त है।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि फर्जी मुकदमा वापस लेकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उपजा संगठन आंदोलन शुरू करेगा।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






