पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का अंतर्राज्यीय इनामी बदमाश ढेर
शामली जनपद में थाना कोतवाली शामली और थाना आदर्श मंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का अंतर्राज्यीय इनामी बदमाश रिहान पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक लूट व अन्य संगीन अपराधों में वांछित अभियुक्त रिहान किसी वारदात की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ के बाद बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रिहान पुत्र मोहम्मद आलम, निवासी न्यू ओखला, जाकिर नगर, गली नंबर 21, दिल्ली के रूप में हुई है। वह कई राज्यों में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल बेरेटा मेड इन इटली .32 बोर, एक देशी .32 बोर पिस्टल, 8 जिंदा व 7 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लूटा गया ओप्पो मोबाइल, दो अन्य मोबाइल फोन, दो सोने की अंगूठियां और नगदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने बताया कि अभियुक्त शातिर अपराधी था और पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh







