टीकाकरण न कराने वाले परिवारों को डीएम की सलाह
समय से टीकाकरण कराएंगे तो बच्चा रहेगा स्वस्थ
शामली | 11 फरवरी 2026
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिलाधिकारी शामली श्री अरविंद कुमार चौहान ने विकासखंड थानाभवन के अंतर्गत ग्राम भैसानी इस्लामपुर में आयोजित छाया वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण से संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी ने गांव में टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवारों के घर-घर जाकर उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिजनों को समझाते हुए कहा कि समय से टीकाकरण कराने से बच्चे स्वस्थ रहते हैं, इसलिए टीकाकरण सत्र में जाकर निर्धारित समय पर बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं।
इस दौरान एक बच्चे का एमसीपी कार्ड अपडेट नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित आशा कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिदिन की ओपीडी की जानकारी ली तथा इमरजेंसी कक्ष में भर्ती एक बुजुर्ग महिला से मिलकर उसके उपचार की जानकारी प्राप्त की और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एचआरपी गर्भवती महिलाओं को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सा अधीक्षक से एचआरपी रजिस्टर मांगा। कई बार मांगने के बावजूद रजिस्टर प्रस्तुत न किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए शाम तक रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी जिलाधिकारी ने बातचीत की।
इस अवसर पर डॉ. अथर जमील (एसीएमओ), डॉ. करन चौधरी (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. कुमार गुंजन (एसएमओ, डब्ल्यूएचओ), श्रीमती तरन्नुम (डीएमसी, यूनिसेफ), डॉ. सुशील कुमार (चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी थानाभवन), श्री फईम अहमद (जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक), श्री शाहजेब (बीपीएम) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





