शामली: मिशन 2027 की तैयारी में जुटी बसपा, बहन जी को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प
शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव
बहुजन समाज पार्टी की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को क्षेत्र के गांव खेड़ी कर्मू स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बसपा सुप्रीमो आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी द्वारा 7 फरवरी को दिए गए दिशा-निर्देशों को धरातल पर उतारना और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना रहा।
मुख्य अतिथि का संबोधन:
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सहारनपुर मंडल के मुख्य जोन प्रभारी माननीय विजय सिंह जी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 का चुनाव हमारे लिए केवल चुनाव नहीं, बल्कि एक मिशन है। उन्होंने जोर दिया कि बहुजन समाज मूवमेंट के विचारों और नीतियों को ‘सर्वसमाज’ तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि गांव-गांव और घर-घर जाकर संगठन को इतना मजबूत करें कि बहन कुमारी मायावती जी का पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना सुनिश्चित हो सके।
जिलाध्यक्ष की अपील:
बैठक की अध्यक्षता कर रहे बसपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार जाटव ने कहा कि आने वाला समय सामाजिक न्याय और बसपा की ऐतिहासिक वापसी का है। उन्होंने अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन की असली ताकत बताया।
उपस्थिति:
इस दौरान विधानसभा प्रभारी जगपाल सिंह, प्रमोद कुमार, राकेश पाल, संदीप कुमार, सुरेश कोरी, देवीदास जयंत और विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार डाबरा, हरिओम गौतम, प्रदीप कोरी सहित हरबीर, अजय तेजियान, अनिल घासोली, राजेंद्र उपाध्याय, हाजी इकराम, विक्रांत वर्मन और सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






